भाजपा ने राजस्थान संगठन में बड़ा बदलाव किया है . राज्य के प्रदेश महासचिव चंद्रशेखर को अब तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट .
नई दिल्ली/ जयपुर/हैदराबाद,16 जनवरी, 2024. राजस्थान भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है. सोमवार को राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने चंद्रशेखर को तेलंगाना परिवार का खत सौंपा. विधानसभा चुनाव के बाद से प्रदेश संगठन में चल रही बदलाव की चर्चाओं पर अब विराम लग गया है. 6 साल से राजस्थान भाजपा के संगठन महासचिव का जिम्मा संभाल रहे चंद्रशेखर की विदाई हो गई. वहीं, उन्हें तेलंगाना संगठन महासचिव की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. बता दें कि चंद्रशेखर पिछले 6 साल से राजस्थान में संगठन का काम मजबूती से देख रहे थे. चंद्रशेखर के संगठनात्मक नेतृत्व में विधानसभा चुनाव 2023 हुआ, जिसमें भाजपा को राजस्थान में भारी बहुमत के जीत मिली. बताया जा रहा है कि चुनावी नतीजों के बाद चंद्रशेखर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से नई जिम्मेदारी की मांग की थी . इसके बाद अब चंद्रशेखर को तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है . दरअसल, तेलंगाना में भाजपा अभी सत्ता से दूर है. राजस्थान के साथ ही तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी. ऐसे में चंद्रशेखर पर तेलंगाना में भाजपा के संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी. चंद्रशेखर के तेलंगाना में संगठन महासचिव बनाए जाने के संबंध में राष्ट्रीय महासचिव तथा मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने चिट्ठी जारी कर इसकी जानकारी दी . हालांकि, भाजपा में इसकी चर्चा पहले से थी कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले चंद्रशेखर को कोई नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. इस बाबत खुद चंद्रशेखर ने केंद्रीय नेतृत्व से बात भी की थी. साथ ही उन्होंने कहा था कि राजस्थान में उनका बेहद लंबा समय हो चुका है. ऐसे में अब उन्हें कोई नई जिम्मेदारी सौंपी जाए. गौरतलब है कि 2014 में चंद्रशेखर नरेंद्र मोदी के साथ बनारस संसदीय सीट पर पूरी सक्रियता से काम किए थे, तभी वह चर्चा में आए और फिर उन्हें राजस्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई.