बीआरएस के 4 विधायकों ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बीआरएस के कई और विधायक सत्तारूढ़ दल कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट.
हैदराबाद,24 जनवरी, 2024. तेलंगाना में विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति के 4 विधायकों ने मंगलवार ( 23 जनवरी) को हैदराबाद में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से शिष्टाचार मुलाकात की. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार देर रात जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि विधायक— सुनीता लक्ष्मा रेड्डी, कोठा प्रभाकर रेड्डी, गुडेम महिपाल रेड्डी और माणिक राव ने मुख्यमंत्री रेवंत से उनके आवास पर मुलाकात की. बाद में इन विधायकों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत से हुई उनकी मुलाकात सिर्फ विकास और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर थी. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, भारत राष्ट्र समिति विधायकों की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात ने उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों तेज कर दिया है. डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस सूत्रों ने कहा है कि भारत राष्ट्र समिति के कई विधायक सत्तारूढ़ दल में शामिल होने के इच्छुक हैं, लेकिन मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अभी तक अपनी मंजूरी नहीं दी है.
महीने की शुरुआत में मुख्यमंत्री रेड्डी ने दल बदल के मुद्दे पर दिया था बयान
रिपोर्ट में कहा गया है कि सीएम रेड्डी ने इस महीने की शुरुआत में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि वह भारत राष्ट्र समिति से दल बदल को प्रोत्साहित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाएंगे . उन्होंने यह भी कहा था कि अगर भारत राष्ट्र समिति नेतृत्व ने राज्य की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की तो वह चुप नहीं बैठेंगे. डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ मंत्री ने बताया कि बीआरएस के 7 विधायक उनके संपर्क में थे एवं कांग्रेस में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री रेड्डी के साथ बैठक की मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा” वे एक बैठक कराने के लिए मुझसे कह रहे हैं. लेकिन मुझे मुख्यमंत्री से मंजूरी लेनी पड़ेगी”. एक अन्य वरिष्ठ मंत्री ने कहा, ” हम पहले से ही17 बीआरएस विधायकों के संपर्क में हैं जो कांग्रेस में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं. इस बीच पाटनचेरु के विधायक महिपाल रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ उनकी मुलाकात के राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिए. उन्होंने कहा, इसे उसी तरह देखा जाना चाहिए जैसे रेवंत रेड्डी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी . महिपाल रेड्डी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मेडक सीट बीआरएस जरूर जीतेगी.