‘ तेलंगाना में आपकी छवि मां जैसी, यहीं से लड़ें अगला चुनाव’,
तेलंगाना के सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने सोनिया गांधी से मिलकर बोले की तेलंगाना सरकार ने पिछड़ी जातियों की जनगणना करने का फैसला किया है और इस संबंध में तैयारियां तेजी से की जा रही है. इसके अलावा, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सोनिया गांधी को बताया कि तेलंगाना कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य की अधिकतम सीटें जीतने का प्रयास कर रही है और पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट.
नई दिल्ली/हैदराबाद,7 फरवरी, 2024. तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बीते सोमवार को कांग्रेस के प्रमुख नेता तथा पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की . इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी से अपील करते हुए कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनाव तेलंगाना में खम्मम सीट से लडें. सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्य के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और राज्य मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी भी मौजूद थे . मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सोनिया गांधी को बताया कि तेलंगाना कांग्रेस ने एक प्रस्ताव पारित कर आपसे तेलंगाना के खम्मम लोक सभा सीट से चुनाव लड़ने का आग्रह किया है.
सीएम रेड्डी के मुताबिक, सोनिया गांधी को तेलंगाना के खम्मम से लोकसभा चुनाव लड़ने का अनुरोध इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि तेलंगाना के लोग सोनिया गांधी को मां के रूप में देखते हैं, जिन्होंने तेलंगाना को पृथक राज्य का दर्जा प्रदान किया. खबर है कि सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर कहा कि उचित समय पर फैसला किया जाएगा . वहीं, मुख्यमंत्री रेड्डी ने अपनी सरकार द्वारा लागू किए जा रहे चुनावी वादों के बारे में भी सोनिया गांधी को जानकारी दी . उन्होंने यह भी बताया कि तेलंगाना सरकार ने जाति आधारित जनगणना कराने का फैसला किया है और इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है. इस बीच, मुख्यमंत्री रेड्डी ने रांची में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की .