पुरानी पेंशन बहाली,8 वें पे कमीशन का गठन, 18 महीने के बकाया डीए — डीआर, निजीकरण पर रोक आदि मांगों को लेकर कर्मचारी महासंघ 16 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट.
मिर्जापुर/ हैदराबाद, 8 फरवरी, 2024. अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा है कि यदि कर्मचारियों के मांगों का समाधान नहीं किया गया तो बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को चुनाव के वक्त कर्मचारी व पेंशनर्स के साथ ही उनके परिजनों की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा. यह ऐलान बीते बुधवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित सिंचाई भवन में आयोजित मंडलीय कर्मचारी सम्मेलन में किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अशोक सिंह कर रहे थे. आयोजित सम्मेलन में वाराणसी, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, आजमगढ़ एवं मिर्जापुर आदि जनपदों से भारी संख्या में कर्मचारी व कार्यकर्ताओं ने शिरकत की . सम्मेलन में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, उप प्रधान एसपी सिंह, सचिव पुनीत कुमार त्रिपाठी, एनपी सिंह, त्रिवेणी प्रसाद, मोहनलाल यादव, दीपेश सिंह, बद्री प्रसाद, सीताराम, रामाशंकर यादव, सनाउल्लाह खान, तथा सुखिया बानो समेत अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे. जानकारी के मुताबिक कर्मचारी सम्मेलन में 16 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़ चढ़कर शामिल होने का फैसला लिया गया एवं राज्य में काम कर रहे सभी कर्मचारी संगठनों से हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया गया . जबकि हड़ताल के मुद्दों को कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए सभी जनपदों में सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया . सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पुरानी पेंशन बहाली और आठवें पे कमिशन के गठन से इनकार कर कर्मचारियों के जले पर नमक छिड़कने का काम किया है . लांबा ने संविधान के अनुच्छेद 310, 311 (2) ए, बी, सी रद्द करने, ट्रेड यूनियन एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ जारी परिपत्र वापस लेने , नेशनल एजुकेशन पॉलिसी, बिजली अमेंडमेंट बिल को वापस लेने तथा महंगाई पर रोक लगाने सहित सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया गया.