हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ के साथ संबलपुर संवाददाता अनिल श्रीरामका की
रिपोर्ट.
हैदराबाद/संबलपुर,9 फरवरी, 2024. विख्यात समाज सेवी तथा हरियाणा नागरिक संघ के संस्थापक, संबलपुर में खेतराजपुर निवासी श्रीकिशन अग्रवाल( लाले बाबू ) का शुक्रवार सुबह हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल में इलाज कराते वक्त निधन हो गया.लाले बाबू मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला खेतराजपुर के अध्यक्ष एवं हरिओम गौशाला के ट्रस्टी थे. उन्होंने कुछ दिन पहले अचानक पेट में दर्द की शिकायत की. परिजनों ने संबलपुर से 50 किलोमीटर दूर बरगढ़ स्थित विकास अस्पताल में भर्ती कर दिया लेकिन हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें यहां से हैदराबाद स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया . खबर है कि बरगढ़ से उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद ले जाया गया और यहां के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया. खबर है कि 9 फरवरी की सुबह इलाजरत अवस्था में उनका निधन हो गया. श्रीकिशन अग्रवाल अब नहीं रहे की खबर मिलते ही संबलपुर, खेतराजपुर इलाके में शोक की लहर है . वे अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री सहित भरा – पूरा परिवार छोड़ गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक उनका पार्थिव शरीर हैदराबाद से सड़क मार्ग द्वारा संबलपुर लाया जा रहा है. जहां उनका अंतिम संस्कार शनिवार को संबलपुर स्थित राजघाट में किया जाएगा .