नीतीश के साथ बड़ा ‘ खेला ‘? श्रवण कुमार के भोज से गायब रहे पांच विधायक.


( जदयू ने जारी किया व्हीप )

बिहार में 12 फरवरी के फ्लोर टेस्ट से पहले सभी पार्टियां अपने विधायकों को बचाने में जुट गई है . सभी पार्टी को अपने विधायकों के टूटने का डर सता रहा है. इस बीच मंत्री श्रवण कुमार द्वारा शनिवार को जदयू विधायकों को दिए गए भोज पार्टी से पांच विधायकों के गायब रहने की खबर है. सूत्रों के मुताबिक पूर्व से तय अपने कार्यक्रम के कारण वे लोग नहीं आ पाए


हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट .

पटना/ हैदराबाद,10 फरवरी, 2024. मंत्री श्रवण कुमार द्वारा शनिवार को जदयू विधायकों को दिए गए भोज पार्टी की राजनीतिक गलियारे में खूब चर्चा रही . चर्चा इस बात की होती रही कि जदयू के पांच विधायक इस एकजुटता भोज में नहीं दिखे. कहा गया कि पहले से तय अपने कार्यक्रम के कारण वे लोग नहीं आए. यह जानकारी भोज के आयोजन को दे दी गई थी. रविवार को मंत्री विजय चौधरी के आवास पर होने वाली विधायक दल की बैठक में उनकी मौजूदगी रहेगी .

इनकी नहीं रही मौजूदगी

जदयू विधायक डॉ संजीव, शालिनी मिश्रा, सुदर्शन, दिलीप राय और बीमा भारती की श्रवण कुमार के आवास पर आयोजित भोज में गैर मौजूदगी रही . इस बारे में सूत्रों ने बताया है कि डॉ संजीव गोवा में अपनी साली की शादी की वर्षगांठ समारोह में गए हुए हैं. उन्होंने भोज में नहीं रहने के बारे में सूचना पहले ही दे दी थी. शालिनी मिश्रा ने भी 2 दिन पहले श्रवण कुमार के चेंबर में जाकर नहीं आने की सूचना दी थी . वह किसी काम के सिलसिले में फिलहाल दिल्ली में है . विधायक सुदर्शन अपने विधानसभा क्षेत्र में घूम रहे हैं. तथा दिलीप राय और बीमा भारती की गैर मौजूदगी किस वजह से रही इस बारे में जानकारी नहीं दी गई . वहीं, जदयू नेताओं ने इस संबंध में कहा है कि शनिवार का भोज अचानक दिए जाने का निर्णय लिया गया . इस वजह से कुछ लोग नहीं आ सके.

मुख्यमंत्री भी पहुंचे भोज में


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कुछ देर के लिए जदयू विधायकों के भोज में पहुंचे. भोज की व्यवस्था का जायजा लेने के बाद वह लौट गए. उन्हें एक आयोजन में जाना था. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह विधायक दल की बैठक में अपनी बात रखेंगे.

जदयू विधायकों को व्हीप जारी

जदयू विधायकों को विधानसभा के बजट सत्र के लिए व्हीप भी जारी कर दिया गया है. भोज के पूर्व मंत्री विजय चौधरी व श्रवण कुमार ने विधायकों को संबोधित भी किया. यह नसीहत दी गई कि सदन में पूरी ताकत के साथ मौजूद रहना है .