आरजेडी ने तेजस्वी की यात्रा का कार्यक्रम जारी कर दिया है . यात्रा 20 फरवरी से शुरू होकर 29 फरवरी तक चलेगी. प्रतिदिन तेजस्वी यादव कम से कम तीन जिलों का दौरा करेंगे और जनसभाएं कर बीते 17 महीने में महागठबंधन सरकार के कामकाज का ब्यौरा देंगे.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
पटना/हैदराबाद,17 फरवरी,2024. बिहार में 17 महीने तक महागठबंधन की सरकार चलाने के बाद राष्ट्रीय जनता दल विपक्ष की भूमिका में आ गया है. सत्ता के उलट-पुलट में सरकार से विपक्ष में आए प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव अब 17 महीने की सरकार में किए गए कार्यों का लेखा जोखा लेकर जनता की अदालत में जाएंगे. लोकसभा चुनाव के ऐन पहले तेजस्वी यादव ने ‘ जन विश्वास’ यात्रा पर निकलने का ऐलान कर दिया है. राजद ने तेजस्वी की जन विश्वास यात्रा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. यह यात्रा 20 फरवरी से शुरू होकर 29 फरवरी तक चलेगी. इस दौरान तेजस्वी यादव प्रतिदिन कम से कम 3 जिलों का दौरा करेंगे और जनसभाएं कर बीते 17 महीने में महागठबंधन सरकार के कामकाज का जनता को हिसाब देंगे.
20 फरवरी से शुरू होगी जन विश्वास यात्रा
पहले दिन 20 फरवरी को यात्रा मुजफ्फरपुर के सकरी मोड पर उनका जनसभा भी प्रस्तावित है . मुजफ्फरपुर के बाद तेजस्वी यादव सीतामढ़ी और शिवहर पहुंचेंगे और वहां जनसभा करेंगे. रात्रि विश्राम मोतिहारी परिसदन में करेंगे. 21 फरवरी को वे बेतिया ( पश्चिम चंपारण) और गोपालगंज पहुंचेंगे. रात्रि विश्राम सिवान में करेंगे. 22 फरवरी को सिवान, छपरा के बाद आरा में होंगे. 23 फरवरी को बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद में जन विश्वास यात्रा होगी. 24 फरवरी को गया, नवादा, नालंदा और जहानाबाद में यात्रा पहुंचेगी. 25 फरवरी को वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में यात्रा होंगे. 26 फरवरी को सुपौल , अररिया, पूर्णिया और मधेपुरा. 27 को सहरसा, खगड़िया, मुंगेर और बेगूसराय में होंगे. 28 फरवरी को तेजस्वी यादव पटना लौटेंगे तथा पटना से ही रात को कटिहार के लिए प्रस्थान करेंगे. 29 फरवरी अंतिम दिन वे कटिहार, भागलपुर, बांका और जमुई में जन विश्वास यात्रा में होंगे. इसके साथ ही जन विश्वास यात्रा का समापन हो जाएगा .