यूपी में सपा ने कांग्रेस को रायबरेली और अमेठी सीट भी दे दी है. अब सवाल उठ रहे हैं कि इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों से कौन उम्मीदवार होगा

हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
लखनऊ/हैदराबाद,21 फरवरी, 2024. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच अलायंस का एलान होने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि रायबरेली और अमेठी से कौन उम्मीदवार होगा. बुधवार को कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने इस पर जानकारी दी. सपा संग प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी यूपी का मुख्य गढ़ है . जब उचित समय आएगा तय हो जाएगा, कौन लड़ेगा. इससे पहले अविनाश पांडे ने कहा, ” मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आपसी समन्वय से यह निर्णय लिया गया है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष 63 सीटों पर इंडिया गठबंधन के जो ( सपा और अन्य दलों से) भी उम्मीदवार होंगे वह चुनाव लड़ेंगे. “दीगर है कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कई मौकों पर यह संकेत दे चुके हैं कि अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ सकते हैं. वहीं, बुधवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा के साथ लोकसभा सीट के लिए हुए समझौते के तहत कांग्रेस रायबरेली, अमेठी, वाराणसी, गाजियाबाद, कानपुर नगर, समेत 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी. बता दें कि समाजवादी
( सपा ) और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध दूर हो गया है. दोनों पार्टियों ने इंडिया गठबंधन के तहत बुधवार को प्रदेश में सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा कर दी, जिसके तहत कांग्रेस रायबरेली और अमेठी सहित 17 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी . या घोषणा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता में की .
प्रियंका गांधी वाड्रा ने निभाई भूमिका
सपा प्रदेश अध्यक्ष पटेल ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया सहित 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने बताया कि सपा ने मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने का इरादा जाहिर किया था जिसे कांग्रेस ने स्वीकार कर लिया है. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस गठबंधन को अंजाम तक पहुंचने में हम भूमिका निभाई है. वह उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए सभी पार्टियों को एक साथ लाने का जो प्रयास कर रही हैं, इसके लिए वह उनका आभार प्रकट करता है.