
तेजस्वी यादव की जन विश्वास यात्रा गुरुवार को समाप्त हो गई. इस यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार के सभी जिलों में लगभग तीन हजार किमी यात्रा की. आज पटना लौट के बाद वह 3 मार्च को होने वाली महारैली की तैयारी में जुट गए हैं.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
पटना/हैदराबाद,29 फरवरी, बिहार के पूर्व उप मुख्य मंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव की जन विश्वास यात्रा का गुरुवार को खत्म हो गई. पिछले 20 फरवरी से शुरु हुई यात्रा का गुरुवार को आखिरी दिन था. पिछले 10 दिनों के अंदर तेजस्वी यादव राज्य के सभी जिलों से गुजरते हुए करीब 3 हजार किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं . पटना पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव अब पटना में 3 मार्च को होने वाली जन विश्वास महारैली की तैयारी में जुट गए हैं.
जन विश्वास महारैली की तैयारी में राजद
राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि तेजस्वी यादव के आमंत्रण पर सभी लोग आगामी 3 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित ” जन विश्वास महारैली ” में शामिल होने के लिए पटना आ रहे हैं. रजत प्रवक्ता का दावा है कि करीब 10 लाख से ज्यादा लोग गांधी मैदान की महारैली में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि इस यात्रा को बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जन विश्वास यात्रा के दौरान लोगों का भरपूर समर्थन देखने को मिला. देर रात तक सभी अपने नेता के दीदार के इंतजार में खड़े रहे.
मार्च से लोगों के पहुंचने का सिलसिला होगा शुरू
इधर, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, उदय नारायण चौधरी, भोला यादव,श्याम रजक,वृषण पटेल, अशोक कुमार सिंह, डॉक्टर तनवीर हसन, सुरेश पासवान, सुनील सिंह, रणविजय साहू, मो. कामरान, सहित राजद के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रैली की तैयारी की समीक्षा कर रहे हैं. रैली में 2 मार्च की सुबह से ही लोग पटना पहुंचना शुरू कर देंगे.
इन जगहों पर बनाया जाएगा स्वागत कक्ष
राजद के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि पटना सहित राज्य के प्रमुख शहरों एवं कस्बों को तोरण द्वार, होर्डिंगस, और झंडा बैनर से सजाया जा रहा है. पटना जंक्शन,राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र और दानापुर रेलवे स्टेशन पर स्वागत कक्ष बनाया जा रहा है. रैली स्थल पर पार्टी की ओर से मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गई है. राजद प्रवक्ता ने बताया कि इस रैली को राजद के साथ ही कांग्रेस, भाकपा ( माले ), भाकपा, सीपीआई एम नेता संबोधित करेंगे . महारैली को राजद के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, सीपीआई माले के दीपांकर भट्टाचार्य, सीपीआई नेता डी राजा एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी सहित अन्य नेता भी संबोधित करेंगे.