
पटना में राजद की जन विश्वास रैली में राहुल गांधी, अखिलेश यादव, लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और सीताराम येचुरी समेत कई बड़े नेता शामिल हुए. पटना के गांधी मैदान में आयोजित इस रैली को लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन इस रैली का आयोजन राष्ट्रीय जनता दल ने किया था.

हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट .
पटना/हैदराबाद, 3 मार्च, 2024. बिहार में आयोजित’ जन विश्वास रैली ‘ में महागठबंधन ( जिसमें कांग्रेस, आरजेडी, और वामपंथी दल शामिल हैं ) के समर्थकों की भारी भीड़ दिखी. राजद की इस ‘ जन विश्वास रैली ‘ को पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की राज्यव्यापी ‘ जन विश्वास यात्रा’ के समापन पर आयोजित किया गया था. रोजगार सृजन के प्रति प्रतिबद्धता जताने वाले तेजस्वी यादव के समर्थन में रैली के दौरान ‘ नौकरी मतलब तेजस्वी जैसे नारे खूब गूंजे. राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव,माकपा नेता सीताराम येचुरी, भाकपा नेता डी राजा, राजद के युवा नेता तथा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने संबोधित किया.
राहुल के निशाने पर मोदी सरकार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की’ अग्निवीर ‘ योजना पर हमला बोला है. उन्होंने इसे देश के युवाओं के खिलाफ बताया. राहुल गांधी ने कहा कि इसके तहत नौकरी पाने वालों की शहादत पर उन्हें अन्य शहीदों की तर्ज पर सरकारी सहायता नहीं मिल पाएगी . देश में जब भी कोई( राजनीतिक ) बदलाव आता है तो उसकी आंधी बिहार से शुरू होती है और यह तूफान देश के उन हिस्सों में भी फैल गया है. बिहार देश का राजनीतिक केंद्र है. आज देश में विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है. एक तरफ नफरत, हिंसा, और अहंकार तो दूसरी तरफ लोगों में प्यार, भाईचारा और एक – दूसरों के प्रति सम्मान है. राहुल गांधी ने कहा , एक पार्टी नफरत पैदा करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान सजा रहे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार समाज के वंचित वर्गों को 73% आबादी की उपेक्षा कर रही है. देश में किसानों, युवाओं और वंचितों के साथ अन्याय हो रहा है .
यह तो हिंदू नहीं है – लालू यादव

महागठबंधन की ‘ जन विश्वास महारैली में लालू यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा. लालू
यादव ने कहा कि यह मोदी क्या कोई चीज है? आजकल नरेंद्र मोदी परिवारवाद पर हमला कर रहे हैं. इनको कोई संतान नहीं हुआ है. यह तो हिंदू भी नहीं है. इनकी माता जी का जब देहांत हुआ था तब इन्होंने बाल भी नहीं छिलवाया. देश भर में नफरत फैलाने का काम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं. भगवान जी बिना प्राण प्रतिष्ठा के इतने दिनों से थे? उधर, नीतीश को लेकर लालू यादव ने कहा कि हमने कोई गाली नहीं दी. उनको यही कहा कि वह पलटूराम हैं. नहीं पलटना चाहिए था लेकिन दोबारा हमसे गलती हो गई. दोबारा ये पलट गए, नरेंद्र मोदी के पैरों के नीचे चले गए.
मोदी गारंटी को खड़गे ने बताया झूठा वादा

‘ जन विश्वास महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को झूठों का सरदार कहा. उन्होंने कहा कि सभी को धोखा देना ही मोदी की गारंटी है . वे देश को बर्बाद करने में लगे हुए हैं.
मोदी जी झूठ बोलने के मैन्युफैक्चरर- तेजस्वी

जन विश्वास महारैली को सफल बनाने के लिए तेजस्वी यादव ने पूरे बिहार का दौरा किया था . रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह वही गांधी मैदान है, जहां से हमने 2 लाख नौकरियां बांटी. आज सरकार अपने नाम पर पोस्टर लगवा रही है. उन्होंने कहा कि आरजेडी को कोई माय की पार्टी कहता है तो मैं कहता हूं कि यह आप की पार्टी है. यह आरजेडी का नया फार्म है. भाषण के दौरान तेजस्वी ने कहा कि मेरे पिता भाजपा के आगे कभी नहीं झुके, ना झुकेंगे. सीएम नीतीश और पीएम मोदी को लेकर तेजस्वी ने कहा कि मेरे चाचा को पलटी मार हैं और मोदी जी झूठ बोलने के होलसेलर हैं. मोदी जी ने ना कोई कारखाना दिया, ना नौकरी दी. विशेष राज्य का दर्जा क्या देंगे? गोबर को गाजर का हलवा बताकर बीजेपी के लोग परोस देते हैं.
120 हराओ, बीजेपी हटाओ- अखिलेश.

महारैली को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नया नारा दिया. उन्होंने कहा 120 हराओ, भाजपा हटाओ . यूपी में 80 सीटें हैं. बिहार में 40 सीटें हैं, इन सभी 120 सीटों पर बीजेपी को हराना है, केंद्र की सत्ता चली जाएगी.