
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट

हैदराबाद,8 मार्च, 2024. यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया आंचलिक कार्यालय हैदराबाद और सिकंदराबाद के तत्वावधान में पिछले दिनों अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का लोकार्पण करते हुए, महाप्रबंधक पी कृष्णन ने महिलाओं द्वारा सभी क्षेत्रों में आगे आकर नेतृत्व देने की क्षमता एवं दक्षता सहित कार्य करने के लिए उनकी प्रशंसा की. महाप्रबंधक ने कहा कि समाज विकास में आवश्यक है कि महिलाओं को उनका अधिकार मिले ताकि महिलाएं और अधिक सक्रिय होकर विभिन्न क्षेत्रों में निष्ठा पूर्वक कार्य कर सकें. इस दौरान उप महाप्रबंधक ए रवि कुमार ने कहा कि बचपन से ही घर और परिवार सहित स्कूल विद्यालयों में बच्चों को लिंग समानता के बारे में बताए जाने की जरूरत है, इस अवसर पर अतिथि वक्ता डॉ साईं लक्ष्मी दायना, गाइनेकोलॉजिकल एवं आंकालाजिस्ट, अपोलो अस्पताल द्वारा महिलाओं में कैंसर से बचाव और चिकित्सा विषय पर प्रस्तुति दी गई. जबकि इस मौके पर हिंदी की सुविख्यात कवयित्री व लेखिका डॉ अर्चना पांडे, सहायक निदेशक राजभाषा, डीआरडीओ, हैदराबाद में भी कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया एवं अपनी स्वरचित कविताओं और गजलों के माध्यम से स्त्री जीवन के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला. साहित्यकार डॉ अर्चना पांडे ने कहा कि परिवार और दफ्तर समेत समाज के साथ-साथ महिलाओं को अपने लिए भी समय निकालने की आवश्यकता है, जिससे वे निराशा और कुंठा से बाहर निकाल कर और अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निर्वहन कर सके. इस अवसर पर सहायक प्रबंधक के राजश्री ने अतिथियों का पौधा भेंट कर अभिवादन किया. जबकि सहायक प्रबंधक( राजभाषा) सुश्री स्नेहा साव एवं वरिष्ठ प्रबंधक ( राजभाषा) देवकांत पवार ने अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम के अंत में सुश्री जी कृति रेड्डी ( प्रबंधक) ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
