बेंगलुरु : भारतीय निर्वाचन आयोग के इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़े आंकड़ों को अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक किए जाने के बाद से ही इस पर बयानबाज़ी हो रही है.
कांग्रेस ने शुक्रवार को बीजेपी से पूछा है कि उन्हें इतना धन कैसे मिला ?
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “आज सुप्रीम कोर्ट ने ये साफ कर दिया कि कैसे बीजेपी ने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए पैसे जमा किए. एसबीआई के आंकड़े ये दिखाते हैं कि 50 फ़ीसदी बीजेपी बॉन्ड है जबकि 11 फ़ीसदी कांग्रेस बॉन्ड है.”
उन्होंने पूछा, “उन्हें इतना धन कैसे मिला? ये कंपनिया इतना डोनेशन कैसे दे सकती हैं?”
कांग्रेस ने ये भी कहा है कि इस सूची में कई संदिग्ध डोनर भी हैं.
खड़गे ने कहा, “चंदा देने वालों में ऐसे हैं जिन पर ईडी के मामले चल रहे हैं, ये इनकम टैक्स मामलों में शामिल हैं. पीएम मोदी और उनकी पार्टी ने इन लोगों पर ज़्यादा चंदे देने का दबाव डाला. अगर ऐसा नहीं होता तो चंदे में इतना अंतर नहीं होता.”
उन्होंने बीजेपी का अकाउंट फ़्रीज़ करने की मांग की.
खड़गे ने कहा, “हमारे पास पैसे थे लेकिन हमारे फ़ंड को फ़्रीज कर दिया गया. अगर आप विपक्षी पार्टी का अकाउंट फ़्रीज़ कर देंगे तो वो चुनाव कैसे लड़ेंगे? मैं जांच की मांग करता हूं और स्पेशल जांच होनी चाहिए. जब तक सच्चाई सामने नहीं आ जाती, बीजेपी के अकाउंट को भी फ़्रीज़ कर लिया जाना चाहिए.”