आम आदमी पार्टी( आप ) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में” इंडिया” गठबंधन दिल्ली में 31 मार्च को बड़ी रैली करेगा.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट.
नई दिल्ली/हैदराबाद,24 मार्च, 2024. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया गठबंधन राजधानी दिल्ली में 31 मार्च( रविवार) को बड़ी रैली करेगा. इस रैली में सभी विपक्षी दल शामिल होंगे. लोकसभा चुनाव से पहले होने जा रही इस रैली को केजरीवाल की गिरफ्तारी के बहाने दिल्ली में इंडिया गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है. इससे पहले आज यानी रविवार को आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद ” आप ” की पहली बड़ी बैठक कर पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई. “आप ” के संगठन महासचिव संदीप पाठक की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं, विधायकों, पार्षदों और पदाधिकारीगण हिस्सा लिया. वहीं, ” आप ” आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा के विरोध में पूरी दिल्ली में कैंडल मार्च और पुतला दहन किया . आप नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है . सेंट्रल दिल्ली में ईडी दफ्तर, भाजपा मुख्यालय और आईटीओ की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया गया है. इन सभी जगहों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया है और मल्टी लेयर बैरिकेडिंग की गई है. इन स्थानों पर ” आप ” सदस्यों के मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इकट्ठा होने की संभावना है. कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बालों के दंगा- रोधी उपकरणों से लैस जवानों को भी तैनात किया गया है . पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि आप के कार्यकर्ता और नेता दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं. हमने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है. हम दिल्ली पुलिस के कर्मियों के अलावा अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दिए हैं जबकि सभी थानेदारों को अपने क्षेत्र में कड़ी नजर रखने को कहा गया है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से दिल्ली में सुचारू यातायात सुनिश्चित करने एवं आप कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा विरोध मार्च निकाले जाने की स्थिति में वाहनों को तुरंत किसी वैकल्पिक मार्ग की ओर भेजने की व्यवस्था करने को कहा है.
दूसरे दिन भी ईडी कार्यालय पहुंची सुनीता
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता आज अपने पति से मिलने प्रवर्तन निदेशालय पहुंची. सुनीता शनिवार को भी अपने पति से मिलने ईडी कार्यालय पहुंची थी.
दिल्ली की जनता सवाल पूछ रही है- कुलदीप कुमार
आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप कुमार ने कहा, आज हम दिल्ली की सड़कों पर नहीं आए हैं बल्कि दिल्ली के लोग आए हैं. जनता पूछ रही है कि मुख्यमंत्री को क्यों गिरफ्तार का किया और जेल में क्यों डाला ?
आप विधायक और पार्षद ने निकाला कैंडल मार्च
आप नेता आतिशी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पूरी दिल्ली में कैंडल मार्च निकाला गया. हर विधानसभा क्षेत्र में आप के विधायक और पार्षदों ने कैंडल मार्च निकाला है. इस देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है. चुनाव की घोषणा के बाद एक चुने हुए मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया जाता है.
आतिशी निकाला कैंडल मार्च

शराब घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं. दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने सड़क पर कैंडल मार्च निकाला
दिल्ली में आप का प्रदर्शन
दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा,’ इंडिया गठबंधन’ 31 मार्च रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में ” महारैली ” का आयोजन कर रही है. यह महारैली अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए है.