
कांग्रेस ने रविवार को तेलंगाना के सभी 17 लोकसभा सीटों के लिए प्रभारियों की घोषणा की है .
हैदराबाद से राजनीतिक संवाददाता देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट. हैदराबाद, 1 अप्रैल, 2024. तेलंगाना की सभी 17 लोकसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होंगे. यहां चौथे चरण में 13 मई को वोटिंग होगी. इस बीच, कांग्रेस ने रविवार को राज्य के सभी लोकसभा क्षेत्र के लिए प्रभारी नियुक्त किए हैं. पार्टी महासचिव और तेलंगाना प्रभारी दीपा दासमुंशी ने लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की घोषणा की. जानकारी के मुताबिक रोहित चौधरी 9 चुनाव क्षेत्रों के एआईसीसी प्रभारी होंगे, जबकि पीसी विशुनाथ बाकी आठ की देखभाल करेंगे. राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ के मुताबिक, दीपा दासमुंशी ने राज्य के मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को चुनाव क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त किया है . राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी को खम्मम का प्रभारी बनाया गया है. सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी नालगोंडा की देखरेख करेंगे और परिवहन मंत्री पोनन्म प्रभाकर को करीमनगर के प्रभारी बनाया गया है. उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डी. श्रीधर बाबू को पेद्दापल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वरिष्ठ नेता तथा विधायक आर प्रकाश रेड्डी वारंगल चुनाव क्षेत्र के लिए प्रभारी होंगे. महबूबाबाद के लिए दासमुंशी ने कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव को प्रभारी नियुक्त किया है . पार्टी नेता ओबैदुल्ला कोथवाल हैदराबाद चुनाव क्षेत्र के प्रभारी होंगे. सड़क और भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी सिकंदराबाद चुनाव क्षेत्र की देखभाल करेंगे, जबकि उनके भाई और विधायक कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी भोंगिर क्षेत्र के प्रभारी होंगे. वहीं, उत्पाद शुल्क मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव को नगर कुरनूल चुनाव क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है,एआईसीसी सचिव एस ए संपत कुमार महबूबनगर क्षेत्र की देखभाल करेंगे और सार्वजनिक मामलों पर मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी को चेवेल्ला चुनाव क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है. अन्य प्रभारी पूर्व विधायक मैनमपल्ली हनुमंत राव ( मल्काजगीरी ), मंत्री कोंडा सुरेखा ( मेडक ), विधायक पी सुदर्शन रेड्डी ( निजामाबाद ), मंत्री डी अनसूया सीताक्का ( आदिलाबाद ), एवं मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा( जहीराबाद ) है. कांग्रेस ने अब तक तेरा लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. शेष चार सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा एक- दो दिन में होने की संभावना है .