
हैदराबाद से राजनीतिक संवाददाता देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
हैदराबाद,4 अप्रैल, 2024. प्रख्यात समाजवादी विचारक तथा लोकप्रिय जननेता बदरीविशाल – पन्नालाल पित्ती के 96वें जयंती के अवसर पर हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित कोहिनूर हॉल, ताज डेक्कन में आयोजित यादगार सभा में तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार मुख्य अतिथि और सर्वोच्च न्यायालय के अवकाशप्राप्त न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी बतौर विशिष्ट अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने लोहिया समाजवाद के कर्मठ प्रवर्तक, सच्चे समाजवादी बदरीविशाल पित्ती के चित्र पर पुष्पमाल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया. तदुपरांत ट्रस्ट की गतिविधियों के संदर्भ में न्यास के अध्यक्ष व प्रबंध न्यासी शरद ब पित्ती ने सभी सम्मानित अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया और स्वागत भाषण दिया एवं विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति बी सुदर्शन रेड्डी का परिचय कराया. कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि समेत तमाम अतिथियों ने डॉ राम मनोहर लोहिया के इस अनन्य अनुयायी बदरीविशाल पित्ती के देशप्रेम एवं उत्कृष्ट जनसेवा कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें याद किया.

विधानसभा में बदरीविशाल पुस्तक लोकार्पित
इस अवसर पर हैदराबाद( तेलंगाना) लोहिया विचार मंच के अध्यक्ष तथा हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह द्वारा संकलित एवं डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष व प्रखर प्रवक्ता अभिषेक रंजन सिंह द्वारा संपादित ” विधानसभा में बदरीविशाल ” पुस्तक का हिंदी व तेलुगू संस्करण का लोकार्पण किया गया. इस संदर्भ में हैदराबाद स्थित हमारे राजनीतिक संपादक देहाती विश्वनाथ ने ” लोहिया विचार मंच हैदराबाद” तेलंगाना के अध्यक्ष व पूर्व न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह ने बात की. उन्होंने बताया कि डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन दिल्ली के प्रेरणा स्रोत बदरीविशाल पित्ती जी रहे हैं. लोहिया साहित्य के संरक्षण तथा उनके विचारों के प्रचार – प्रसार में बदरीविशाल पित्ती जी जीवन पर्यंत लग रहे. उनके इस भगीरथ प्रयास ने मुझे काफी प्रभावित किया. ऐसे सदपुरुष को मैं नमन करता हूं. वे हमारे लिए सदैव स्मरणीय हैं. इस बारे में डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन के सचिव राजकुमार रुंगटा बताते हैं, लोहिया विचार मंच हैदराबाद ( तेलंगाना) के अध्यक्ष और पूर्व न्यायाधीश टी गोपाल सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, जिन्होंने बदरीविशाल पित्ती द्वारा विधानसभा में उठाए गए सवाल और उनके जवाब एवं सदन के अंदर हुई चर्चा का आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध कराया.
