
उस्मानिया यूनिवर्सिटी के खाने में मिली लाल कपड़े में लिपटी ‘ ब्लेड ‘ पहले कीड़े और चूड़ियों के टुकड़े मिले थे
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
मेस में परोसे गए भोजन में ‘ रेजर ब्लेड ‘ मिलने से ‘ न्यू गोदावरी’ हॉस्टल के छात्र मंगलवार रात को परिसर में एकत्र हुए और उन्होंने न्याय की मांग की . छात्रों ने बताया कि 2 दिन पहले गोभी की सब्जी में कीड़े पाए गए थे
हैदराबाद, 12 मार्च, 2025. हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के मेस में परोसे गए भोजन में ‘ रेजर ब्लेड ‘ मिलने पर छात्रों के एक ग्रुप ने विरोध प्रदर्शन किया. यह घटना मंगलवार रात की है. रेजर ब्लेड मिलने के बाद गुस्साए छात्र सब्जी बर्तन और प्लेट लेकर यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर विरोध प्रदर्शन करने लगे .
2 दिन पहले सब्जी में मिले थे कीड़े
‘ न्यू गोदावरी ‘ हॉस्टल के छात्र मंगलवार रात को परिसर में एकत्र हुए और उन्होंने न्याय की मांग की और कहा, यूनिवर्सिटी के कुलपति इस मुद्दे पर उनकी चिताओं का समाधान करें. छात्रों ने कहा कि हॉस्टल के मेस में रात में परोसे गए भोजन में ‘ रेजर ब्लेड ‘ पाया गया था. छात्रों ने बताया कि 2 दिन पहले गोभी की सब्जी में कीड़े पाए गए थे. शिकायत करने के बाद भी इसे लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.
छात्रों को खुद परोसना पड़ता है खाना
छात्रों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी मेस के समय अनुसार काम नहीं कर रहे हैं. इससे छात्रों को, रात का भोजन खुद ही परोसना पड़ता है. हॉस्टल मेस में परोसे जाने वाले घटिया खाने के लिए हर महीने ढाई से ₹3000 हजार रुपए देने पड़ते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन से समाधान की मांग करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.
टूटी चूड़ियों के टुकड़े और धागे भी मिल चुके हैं
वहीं, एबीवीपी के एक नेता ने आरोप लगाया कि छात्रों को परोसे गए भोजन में कीड़े, टूटी चूड़ियों के टुकड़े और धागे मिल चुके हैं. उन्होंने कहा कि भोजनालय के कर्मियों ने पहले छात्रों को आश्वासन दिया था कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होगी लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है . हालांकि, यूनिवर्सिटी के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है. जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी .