जबरन रंग लगाया तो होगा एक्शन, बाइक रैली पर भी बैन

तेलंगाना में हैदराबाद और साइबराबाद पुलिस ने होली को लेकर एक गाइडलाइन जारी की है. इसमें जबरन रंग लगाने, पानी फेंकने और बाइकों की टोली निकालकर घूमने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

हैदराबाद, 13 मार्च, 2025. होली को लेकर हैदराबाद पुलिस की एक गाइडलाइन पर विवाद खड़ा हो गया है . इस गाइडलाइन के मुताबिक, किसी भी व्यक्ति को जबरन रंग लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. आदेश के मुताबिक, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी अनिश्छुक व्यक्ति और उनके वाहनों पर रंग या रंगीन पानी फेंकने पर पाबंदी है. इसके साथ ही सड़कों पर टोलियों में बाइक और अन्य वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है . अगर कोई ऐसा करते देखा गया तो उस पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. इसी तरह का आदेश हैदराबाद से सटे साइबराबाद में भी निकला है. हैदराबाद और साइबराबाद पुलिस ने यह कदम इस वजह से उठाया है ताकि शांति व्यवस्था भंग ना हो और लोगों को किसी प्रकार की सुविधा का सामना न करना पड़े . हैदराबाद में यह आदेश 13 मार्च की शाम 6 बजे से 15 मार्च सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा. वहीं, साइबराबाद में यह 14 मार्च को सुबह 6 बजे से 15 मार्च सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा. बता दें कि होली के दिन ही जुमा भी पड़ रहा है. ऐसे में पुलिस प्रशासन ज्यादा सतर्कता बरत रहा है.

बीजेपी ने कांग्रेस सरकार को घेरा

भाजपा ने होली पर हैदराबाद और साइबराबाद में ऐसे सख्त आदेश को लेकर तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को घेरा है . बीजेपी का कहना है कि तेलंगाना सरकार का यह फैसला हिंदू विरोधी है . भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार का हिंदू विरोधी एजेंडा एक बार फिर खुलकर सबके सामने आ गया है. उन्होंने कहा यह लोग होली पर प्रतिबंध लगा रहे हैं और बता रहे हैं कि हिंदुओं को होली कैसे माननी चाहिए. इस बीच हैदराबाद के गोशामहल से भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने इस अधिसूचना को तेलंगाना कांग्रेस सरकार का तुगलक की फरमान बताया है.