नागपुर में स्कूल- कॉलेज बंद, लगा कर्फ्यू

नागपुर में स्कूल- कॉलेज बंद, लगा कर्फ्यू, सर्च ऑपरेशन में 80 उपद्रवी अरेस्ट

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने नागपुर के नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.

नागपुर/ हैदराबाद, 18 मार्च, 2025. महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार देर रात हिंसा भड़कने के बाद अब स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है . महाल इलाके में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है. दंगाइयों को पकड़ने के लिए पुलिस ने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया और अब तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है . इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है. भड़काऊ सामग्री और वीडियो
पोस्ट करने वाले 55 सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस की रडार पर है.

धारा 163 लागू
जानकारी के मुताबिक, नागपुर के कई हिस्सों में कर्फ्यू ( धारा 163) लागू कर दिया गया है और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है . नागपुर के कोतवाली, गणेश पेठ, लक्करगंज, पंचपावली, शांति नगर, सक़्करदरा, नंदनवन, इमामबाड़ा, यशोधारा नगर और कपिल नगर में प्रशासन ने 144 धारा लागू कर दी है. इन इलाकों में मेडिकल इमरजेंसी छोड़कर किसी को भी घर से बाहर निकालने की अनुमति नहीं है.

कैसे भड़की हिंसा ?
नागपुर हिंसा की जड़ें सोमवार सुबह हुए एक प्रदर्शन से जुड़ी है. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महाल के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान औरंगजेब के पोस्टर और हरे कपड़े में लिप्टी प्रतीकात्मक कब्र जलाने की कोशिश की . हालांकि, शाम होते होते इस्लाम धर्म के अपमान की अफवाहें फैलने लगी और नागपुर के कई हिस्सों में तनाव बढ़ गया. लेकिन बजरंग दल ने इन आरोपों को खंडन करते हुए दावा किया है कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान केवल औरंगजेब का पुतला फूंका था. पुलिस ने इस संबंध में केस भी दर्ज किया.

डीसीपी पर कुल्हाड़ी से हमला

इस बीच रात 8 -30 बजे करीब सैकड़ों की संख्या में लोग महाल इलाके में आए और घरों और वाहनों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर भी हमला किया और वाहनों में तोड़फोड़ की व आग लगा दी. मौके पर पहुंचे 14 पुलिसकर्मी और दमकल कर्मी भी इस हिंसा में घायल हो गए हैं. हालात बिगड़ते देख पुलिस बल ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठियां बरसाई . वहीं, एक अज्ञात शख्स ने तैनात डीसीपी रैंक के एक अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया जिसमें वे घायल हो गए. हिंसा भड़कने के बाद प्रशासन में तुरंत कार्रवाई की और महाल इलाके में बिजली व इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी. पुलिस रात भर शहर में सर्च ऑपरेशन चला कर दर्जनों उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया . महाल के बाद हंसपुरी इलाके में भी उपद्रवियों ने जमकर तांडव मचाया.