ईडी का गांधी परिवार पर गंभीर आरोप

प्रवर्तन निदेशालय( ईडी ) ने नेशनल हेराल्ड मामले में कोर्ट में दावा किया कि गांधी परिवार ने कांग्रेस को दान देने वालों के साथ धोखा किया और मात्र 50 लाख रुपए में 2 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति हथिया ली. ईडी ने यंग इंडियन लिमिटेड को गांधी परिवार की कठपुतली बताया जिसका उद्देश्य संपत्ति पर कब्जा करना था.

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 13 जुलाई, 2025. नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) ने राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने की अदालत में बड़ा दावा किया कि कांग्रेस पार्टी को दान देने वालों के साथ धोखा हुई. ईडी के मुताबिक, कांग्रेस को दान देने वालों में से कुछ लोगों को पार्टी टिकट भी दिए गए, जिससे यह साफ होता है कि दानदाताओं के साथ छल हुआ है. ईडी की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ( एएसजी ) एसवी राजू ने दलील दी कि गांधी परिवार का दावा गलत है कि उनका एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड ( एजेएल ) पर कोई नियंत्रण नहीं था. उन्होंने कहा कि एजेएल ही नेशनल हेराल्ड का मूल प्रकाशक हैं और इसे गांधी परिवार नियंत्रित करता रहा है.

गांधी परिवार पर संपत्ति हथियाने का आरोप
ईडी ने अदालत को बताया कि यंग इंडियन लिमिटेड सिर्फ एक आवरण कंपनी है, जो गांधी परिवार की कठपुतली है और इसका इस्तेमाल एजेएल की लगभग 2 हजार करोड़ रुपए की संपत्तियों को हथियाने के लिए किया गया. ईडी ने दवा किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने मात्र 50 लाख रुपए में यह सब हासिल किया, जबकि असली संपत्ति का मूल्य हजारों करोड़ है . ईडी ने इस मामले को क्लासिक मनी लॉन्ड्रिंग केस करार दिया और कहा कि यंग इंडियन लिमिटेड के माध्यम से आपराधिक आय अर्जित करने की योजना रची गई.

नेशनल हेराल्ड दोबारा प्रकाशित करने का नहीं था इरादा

एएसजी राजू ने कहा कि यंग इंडियन ने नेशनल हेराल्ड अखबार को दोबारा प्रकाशित करने का कोई इरादा नहीं दिखाया, जिससे साफ होता है कि उनका उद्देश्य पत्रकारिता नहीं, बल्कि संपत्ति पर कब्जा करना था. इससे पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता आरएस चीमा ने अदालत में दलील दी थी कि एजेएल को कांग्रेस ने कभी बेचना नहीं चाहा बल्कि उसे बचाने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि एजेएल स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक था, जिसकी स्थापना 1937 में पंडित नेहरू, आचार्य कृपलानी, रफी अहमद किदवई जैसे नेताओं ने की थी. वहीं, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने ईडी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि यह आश्चर्यजनक और राजनीति से प्रेरित मामला है.

मामले में अगली सुनवाई कल यानी 14 जुलाई को होगी
उन्होंने दलील दी कि यंग इंडियन कोई लाभकारी कंपनी नहीं है और इसने एजेएल का कर्ज उतारने के उद्देश्य से ही काम किया. कोर्ट ने कल यानी 14 जुलाई को आरोपितों की सफाई सुनने के लिए अगली सुनवाई तय की है. इस केस के शिकायतकर्ता सुब्रमण्यम स्वामी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग पर 1600 करोड रुपए मूल्य के हेराल्ड हाउस पर कब्जे की साजिश के तहत एजेएल की संपत्तियों को यंग इंडियन के नाम पर किया गया .