ट्रेनें रद्द, स्कूल बंद, उत्तर भारत में बारिश का कहर

पंजाब भीषण बाढ़ की चपेट में है. एनडीआरफ, सेना और अन्य एजेंसियों ने अपने बचाव अभियान तेज कर दिए हैं. वायु सेना ने बैराज के गेट खोलने के लिए 60 सिंचाई अधिकारियों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाल दिया है.


नई दिल्ली/ हैदराबाद, 28 अगस्त, 2025. भारी बारिश के कारण पंजाब समेत उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों के निचले इलाकों में जल भराव हो गया, क्षेत्र में कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ी और स्कूल बंद करने पड़े. बारिश के कारण जम्मू कश्मीर में गुरुवार को मृतकों की संख्या बढकर 41 हो गई, जिनमें 34 लोगों की मौत वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग में भूस्खलन में हुई है. हालांकि बारिश में कुछ कमी आने से राहत कार्य में तेजी आई है . बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के कारण लगातार हो रही बारिश से तटीय राज्य ओड़िशा में सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया. दक्षिण भारत में, दक्षिण– पश्चिम मानसून से कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई और तेलंगाना के निचले इलाकों में पानी भर गया.

सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना

राष्ट्रीय राजधानी के लिए अगस्त अब तक का सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना रहा है, जहां सामान्य से 60 फ़ीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई. यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार पुराने रेलवे पुल के पास 205. 35 पर पहुंच गया जो खतरे के निशान से ऊपर है . वहीं, हिमाचल प्रदेश में मणिमहेश यात्रा पर निकले हजारों श्रद्धालु बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के करण प्रदेश के चंबा में कई जगहों पर फंसे हुए हैं. खराब मौसम के कारण यह यात्रा स्थगित कर दी गई है. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने अब तक 3,269 तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया है. बुधवार को भाग बारिश और भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बादल फटने से राज्य के कई हिस्सों में तबाही मच गई.
व्यास नदी के उफान पर होने से मनाली में भारी तबाही मची, जबकि चंबा जिले और मनाली के ज्यादातर हिस्सों में मोबाइल संपर्क टूट गया. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के 12 में से 10 जिलों में कुल 584 सड़कें बंद है और चंबा तथा लाहौल — स्पीत जिलों से रिपोर्ट अभी अप्राप्त है.

बारिश के नए रिकॉर्ड बने
जम्मू — कश्मीर में 24 घंटे में उधमपुर में 629.4 मिमी और जम्मू में 380 मिमी बारिश के नए रिकॉर्ड बने हैं. अनंतनाग और श्रीनगर में झेलम नदी बाढ़ की चेतावनी के निशान को पार कर गई और कई रिहायशी एवं व्यवसायिक इलाकों में पानी घुस गया है. सूत्र बताते हैं कि अखनूर सेक्टर में उफनती नदी के तेज बहाव में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान बह गया. बाद में उसका शव बरामद हुआ है. इस बीच राज्य शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने बाढ़ जैसी हालत को देखते हुए जम्मू– कश्मीर में सभी शैक्षणिक संस्थान गुरुवार को बंद करने का आदेश दिया.

कई दर्जन ट्रेनें रद्द
बारिश से हुई तबाही के मद्देनजर उत्तर रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने जाने वाली 58 ट्रेन को रद्द कर दिया है और 64 ट्रेन को विभिन्न स्टेशनों पर बीच में ही रोक दिया है . दरअसल, वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग में भूस्खलन की घटना में मरने वालों में से अब तक 24 की पहचान हो चुकी है. इनमें से 16 महिलाएं हैं . वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा तीसरे दिन भी आज स्थगित रही . उधर, तेलंगाना के कामारेड्डी, मेडक और रंगा रेड्डी जिलों में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है और छोटी नदियां और अन्य जलाशय उफान पर है. इस बीच दक्षिण मध्य रेलवे ने रेलवे लाइन के ऊपर से पानी बहने के कारण दो ट्रेन का मार्ग बदल दिया है और एक अन्य को रद्द कर दिया है. सूत्र बताते हैं कि बुधवार को बारिश से जुड़ी घटना में घर की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की दबकर मौत हो गई. खबर है कि कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु सहित राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण प्रमुख चौराहों पर यातायात घंटों जाम में फंसा रहा.